बागपत/बड़ौत। लोकतंत्र के पर्व का जोश सोशल मीडिया पर भी नजर आया। लोगों ने स्याही लगी अंगुली के साथ अपनी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर साझा की।
मतदान केंद्रों पर बनाए गए बूथों पर युवाओं के साथ युवतियों सेल्फी खिंची और फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर फोटो साझा किए। व्हाट्सएप की डीपी पर मतदान के बाद की फोटो लगाई और स्टेटस भी डाले। लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी फोटो डालकर अन्य लोगों से मतदान की अपील की। युवाओं ने सोशल मीडिया पर मैंने तो वोट डाल दिया अब आपकी बारी का संदेश दिया। युवा अरुण पंवार, मोहित चौहान, अक्षय शर्मा, अमरदीप ठाकुर, शुभम जैन, कुलदीप चौहान, मोहित शर्मा, गौरव शर्मा आदि ने मतदान करके जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर सेल्फी डाली। जिले में बनाए गए पिंक बूथ पर महिलाओं और युवतियों ने सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर मतदान की खुशी जाहिर की।