बोल बम के जयकारों से बढ़ रहा जोश, तेज हो रही कांवड़ियों की रफ्तार
बागपत। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे कांवड़िये बागपत पहुंचने लगे हैं। जहां बोल बम के जयकारों से कांवड़ियों में जोश बढ़ रहा है और कांवड़ियों की रफ्तार भी तेज हो रही है। हरियाणा, राजस्थान जाने वाले कांवड़िये दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जयकारे लगाते हुए बागपत होकर गंतव्य की तरफ रवाना हो गए।
हरिद्वार, गोमुख से आने वाले कांवड़ियों की सेवा के लिए जिले में कांवड़ मार्गों पर जगह-जगह कांवड़ शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं। उधर, जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों से होते हुए हरियाणा व राजस्थान जिले के कांवडिये दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर पहुंचे। जहां कांवड़ियों के सैलाब से माहौल भक्तिमय बन गया। भोले की भक्ति में कांवडिय़े सुंदर सुंदर कांवड़ लेकर आ रहे है। सुंदर कांवड़ देखकर लोग आकर्षित हो गए। कांवड़िये बोल बम के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की तरफ बढ़ते चले गए।
कांवड़ शिविरों में चखा व्यंजनों का स्वाद
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गुफा वाले मंदिर के पास, नेथला पुलिया के सामने के अलावा कई जगह पर कांवड़ शिविर लगाए गए हैं। जहां श्रद्धालुओं के आराम करने से लेकर खानपान और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। बृहस्पतिवार को कांवड़ियों ने व्यंजनों का स्वाद लिया। उधर, शिविरों में लगे डीजे पर भोले के गानों पर कांवड़िये थिरकते नजर आये।
--
- कांवडिय़ों ने चढ़ाया हाजिरी जल, एसपी, डीएम ने देखी व्यवस्था
बालैनी। पुरा महादेव मंदिर में बृहस्पतिवार को हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे कांवडियों ने हाजिरी का जल चढ़ाया। उधर, श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को एसपी और एडीएम ने मंदिर आने जाने वाले रास्तों, हिंडन नदी, मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ भी विचार विमर्श भी किया।
हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़ियों का पुरा महादेव मंदिर परिसर में आगमन हो रहा है। जहां बृहस्पतिवार को कांवड़ियों ने भगवान आशुतोष को हाजिरी जल चढ़ाया और परिवार में सुख शांति की कामना की। जिसके चलते दिनभर कांवड़िये पुरा महादेव मंदिर पहुंचते रहे। मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मी अलर्ट दिखे। पुरा महादेव मंदिर में हाजिरी जल चढ़ाने के बाद कांवड़िये अपने गंतव्य की तरफ रवाना हो गए। उधर, क्षेत्रीय श्रद्धालु भी दिनभर जलाभिषेक करने पहुंचते रहे।
--
- मेले की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बालैनी। ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर पर 25 जुलाई से शुरू होने वाले चार दिवसीय श्रावणी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में है। बृहस्पतिवार शाम एसपी नीरज कुमार जादौन, एडीएम अमित कुमार ने व्यवस्था देखी। एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि मेले की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर कांवडिय़े मंदिर आएंगे। यहां जलाभिषेक में कांवड़ियों का सहयोग करें और मेला शांतिपूर्ण सकुशल संपन्न कराएं। इस दौरान एएसपी मनीष कुमार मिश्रा, सीओ विजय चौधरी, मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा, सुरेंद्र यादव एडवोकेट, संजीव शर्मा मौजूद रहे।
बागपत में कावड़ लेकर पहुंचे कावड़िये- फोटो : BAGHPAT
हर हर महादेव: बागपत में हरिद्घार से गंगाजल लेकर आते कावड़िये- फोटो : BAGHPAT