बागपत। जिला अस्पताल को दो साल बाद त्वचा रोग विशेषज्ञ मिला है। त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को निजी अस्पताल या फिर अन्य चिकित्सकों से अपनी जांच और इलाज करना पड़ रहा था। इससे मरीजाें को परेशानी उठानी पड़ रही थी, मगर अब जल्द ही मरीजों की समस्या का समाधान हो जाएगा।
अस्पताल में नियुक्त त्वचा रोग विशेषज्ञ का दो साल पहले स्थानांतरण हो गया था। अस्पताल प्रबंधन की ओर से तभी से शासन से त्वचा रोग विशेषज्ञ की मांग की जा रही थी, मगर नियुक्ति नही हो पाई थी। त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने के कारण गर्मी और बारिश के मौसम में एलर्जी या फिर अन्य त्वचा संबंधी रोग से ग्रसित मरीजों को सही इलाज की सुविधा नहीं मिल रही थी। अस्पताल में आने वाले मरीजों को अन्य चिकित्सकों से जांच कराकर दवा लेने या फिर नीजि चिकित्सक से दवा लेने के लिए विवश होना पड़ रहा था। मगर अब मरीजों की समस्या का जल्द ही समाधान होने वाला है। शासन स्तर से जिला अस्पताल के लिए त्वचा रोग विशेषज्ञ की स्वीकृति दे दी है। चिकित्सक जल्द ही अस्पताल में पद ग्रहण करेंगे, जिससे मरीजों को अस्पताल में इलाज की सुविधा मिलेगी।
-
वर्जन - शासन स्तर से अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी है। अस्पताल में जल्द ही चिकित्सक कार्यभार ग्रहण करेंगे। इससे यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों को फायदा मिलेगा। - डॉ़ एसके चौधरी, सीएमएस