पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। किरठल गांव के पॉलिटेकिभनक कॉलेज के पास मिला शव हेवा गांव के ईंट भट्ठा मजदूर मुल्तान का था। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हेवा गांव की रहने वाली पूनम देवी ने बताया कि उसका पति मुल्तान (50) पंजाब में भट्टे पर कार्य करता था। दो दिन पहले पति गांव आए थे। आरोप लगाया कि पांच जून की सुबह गांव का ही एक व्यक्ति उन्हें घर से बुलाकर ले गया। इसके बाद उनका शव सोमवार को किरठल गांव में पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास मिला था। उसने पति की हत्या किये जाने का आरोप लगाया।
पूनम ने यह भी आरोप लगाया कि रमाला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रमाला थाने पहुंची तो उन्होंने छपरौली की घटना बताकर भेज दिया। छपरौली पुलिस ने रमाला क्षेत्र की घटना बताकर उन्हें टरका दिया। इसके बाद वह सीओ बड़ौत युवराज सिंह के पास पहुंची। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता चल जाएगा। उसी के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।