बागपत। नगर पालिका परिषद के सभागार में विकास कार्यों को लेकर प्रशासक/एडीएम शिव नारायण सिंह ने सभासदों के साथ बैठक की। सभासदों ने नालों की सफाई, कूड़ा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, जलभराव और पेयजल आपूर्ति आदि समस्या को रखकर निस्तारण करने की मांग की। उन्होंने जल्द ही निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
बैठक में सभासद भवीचंद कश्यप ने कहा कि वार्डों में सड़कों की खराब स्थिति के कारण सफाई प्रभावित हो रही है। पेयजल लाइन डालने के दौरान की गई जगह-जगह खोदाई से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर गंदगी के ढेर लगा हुआ है। सभासद राजवीर सिंह ने पुराने कस्बे में जलभराव की गंभीर समस्या रखते हुए कहा कि पानी निकासी न होने से बीमारी फैल रही है, जिससे लोग बीमार हो रहे हैं।
प्रशासक शिव नारायण सिंह ने ईओ को निर्देश दिए कि शहर की सफाई और पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। बैठक में बिजेंद्र कुमार, श्रीपाल कश्यप, गुलजार, मुन्नी देवी और बबीता ढाका आदि मौजूद रहे।