- जिला अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को जारी किया बजट, जल्द शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले भर में सड़कों, गलियों समेत अन्य विकास कार्यों पर 10.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिसके लिए जिला अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को बजट जारी कर दिया है। जिन पर जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2022-23 के अंतिम सप्ताह में शासन ने जिला अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग को भाजपा सांसद डाॅ. सत्यपाल सिंह, विधायक केपी मलिक और विधायक योगेश धामा के प्रस्तावों पर कार्य कराने के लिए 10.14 करोड़ रुपये बजट जारी किया गया। जिससे 22 सड़कों और गालियों में इंटर लॉकिंग टाइल्स, सीसी रोड निर्माण का कार्य कराया जाएगा। जबकि कलक्ट्रेट में डिजिटल शहीद संग्रहालय समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। जिसमें भाजपा सांसद डाॅ. सत्यपाल सिंह के प्रस्ताव में संसदीय क्षेत्र में 13 रास्तों पर सीसी रोड व इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा बड़ौत विधायक केपी मलिक के प्रस्ताव में छह रास्तों का निर्माण कराया जाएगा।
-
शुगर मिल में शूटिंग रेंज, कलक्ट्रेट में डिजिटल शहीद संग्रहालय कक्ष बनेगा
त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बागपत विधायक योगेश धामा के प्रस्ताव में कलक्ट्रेट परिसर में डिजिटल शहीद संग्रहालय कक्ष पर 14 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा दस लाख रुपये से शुगर मिल परिसर में दस मीटर पिस्टल शूटिंग रेंज का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा खेल स्टेडियम मवीकलां में अवस्थापनाओं का निर्माण, कलक्ट्रेट आवासीय परिसर में महिला समूह सखी प्रदर्शनी कक्ष, बुढेड़ा गांव में शमशान घाट की चहारदीवारी व शेड का निर्माण कराया जाएगा।
- विकास कार्यों के लिए बजट मिल गया है। जिससे जल्द ही कार्य शुरू कराए जाएंगे। जिससे कार्य जल्द ही पूरे कराए जा सके। - हबीबुल्ला, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग