सभासदों ने किया तहसील में प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपे 140 पन्नों में सुबूत
चेताया कि अनियमितताओं की जांच न हुई तो सामूहिक इस्तीफा देंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। खेकड़ा नगर पालिका में वित्तीय अनियमितताओं का मामला गरमा गया है। मंगलवार को सभासदों ने तहसील में प्रदर्शन किया। एसडीएम के समक्ष 140 पन्नों में सुबूत प्रस्तुत किए। जांच के बाद कार्रवाई न किए जाने पर सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी।
सभासद कविता प्रजापति, पिंकी प्रजापति, शकीला, सभासद सुधीर धामा, अनिल कुमार, नरेंद्र धामा, राकेश कुमार, नजीर मलिक, महक सिंह, संदीप धामा, नरेंद्र कुमार ने पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को खेकड़ा नगर पालिका में घोटाले किए जाने की शिकायत की थी। केंद्रीय मंत्री ने सभासदों की शिकायत को गंभीरता से लेकर डीएम बागपत को अनियमितताओं की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए थे। डीएम के निर्देश पर एसडीएम अजय कुमार ने एक सप्ताह पूर्व शिकायतकर्ता सभी सभासदों के बयान दर्ज किए थे। मंगलवार को सभी शिकायतकर्ता सभासदों ने तहसील में प्रदर्शन कर जांच में देरी का आरोप लगाया। एसडीएम के समक्ष सामुदायिक शौचालय, पथ प्रकाश की लाइटें, बैठने की बैंच आदि की खरीद में लाखों की अनियमितता के 140 पन्नों के सबूत प्रस्तुत किए। जांच के बाद कार्रवाई न किए जाने पर सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी।
एसडीएम अजय कुमार का कहना है कि नगर पालिका के 15 सभासदों के बयान दर्ज किए गए थे। मामले की जांच की जा रही है। सभी पक्षों से पूछताछ की जाएगी। दोषियों को नियमानुसार दंडित करने की संस्तुति उच्च अधिकारियों से की जाएगी।