बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से शिकोहपुर तक नहर की पटरी का चौड़ीकरण होगा। इसके लिए सिंचाई विभाग ने तहसील प्रशासन को पत्र लिखकर सरकारी जमीन की पैमाइश कराने के लिए कहा है ताकि मार्ग का चौड़ीकरण करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। इसके चौड़ीकरण से किसानों व लोगों को लाभ मिल सके।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे से शिकोहपुर तक नहर की पटरी की चौड़ाई कम होने के कारण किसानों व लोगाें को आने-जाने में परेशानी होती है। पटरी में जगह-जगह गड्ढे होने से भी हादसा होने का खतरा रहता है। पटरी की चौड़ाई कम होने के कारण आमने-सामने से वाहन नहीं निकल पाते हैं। किसानों की मांग के बाद सिंचाई विभाग ने पटरी का चौड़ीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है और इसका चौड़ीकरण करीब 30 लाख रुपये से होगा। सिंचाई विभाग ने बड़ौत तहसील प्रशासन को पत्र लिखकर जमीन की पैमाइश करवाने की मांग की है ताकि चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। चौड़ीकरण होने से किसानों को भी खेतों में जाने में परेशानी नहीं होगी। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश कुमार ने बताया कि जल्द ही चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा और प्रस्ताव भी तैयार हो गया है।