दाहा (बागपत)। निरपुड़ा गांव के जंगल में स्थित महादेव शिव मंदिर के महंत ओमगिरी ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर गांव के ही युवक पर 16 हजार रुपये की नकदी चोरी करने का आरोप लगाया। वह चोरी करने के कुछ देर बाद ही शराब के ठेके के पास मिला और रुपयों के बारे में पूछने पर मारपीट पर उतारू हो गया।
महंत की तहरीर मिलने पर बुधवार देर रात पुलिस आरोपी युवक को पकड़ लिया। बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे आरोपी ने लघुशंका के लिए जाने की बात पुलिस से कही। पुलिस कर्मी ने उसे शौचालय जाने के लिए कह दिया। वह पुलिस कर्मियों को चकमा देकर दीवार फांदकर थाने से भाग गया। वह काफी देर तक नहीं आया तो थाने में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुट गए। जिन्होंने जंगल में कई जगह आरोपी को तलाश किया। दिनभर मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने आरोपी को बृहस्पतिवार शाम को 18 घंटे बाद दोबारा पकड़ लिया।
आरोपी की मां ने बताया कि पुलिस उसके बेटे को पकड़कर ले गई थी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि युवक से पूछताछ की गई, जिसने नकदी के बजाय 21 किलो गेहूं चोरी कर दुकान पर बेचने की जानकारी दी।
इस मामले में सीओ बड़ौत विजय चौधरी का कहना है कि थाने से भागने वाला आरोपी पकड़ा गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। लापरवाही बरतने के मामले की भी जांच कराई जाएगी।
- पुलिस की लापरवाही हुई उजागर
जिस तरह से चोरी का आरोपी थाने से भागा है। इसमें पूरी तरह से पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। पुलिस ने उसे अकेले ही शौचालय में भेज दिया और वह उसका ही फायदा उठाकर दीवार कूदकर भाग गया।