बागपत। किसान मजदूर संगठन 25 सितंबर को किसानों व मजदूरों की समस्याओं को लेकर बड़ौत से अमीनगर सराय होते हुए कलक्ट्रेट तक पद यात्रा निकालेगा। कलक्ट्रेट में पंचायत करने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपकर मांगे पूरी करने की मांग की जाएगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु मलिक ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि किसानों का कृषि ऋण माफ करने, बिजरौल व बसौद गांव को क्रांतिग्राम घोषित करने, गन्ना मूल्य 450 रुपये घोषित करने, बकाया गन्ना भुगतान ब्याज सहित दिलाने, बुजुर्ग किसानों व मजदूरों को छह हजार रुपये पेंशन देने, चौगामा नहर में पानी छोड़ने, निजी नलकूपों पर बिजली मुफ्त देने, घरों पर प्रीपेड मीटर न लगाने, बागपत चीनी मिल का विस्तारीकरण, बसौद गांव में बिजली घर बनाने सहित कई मांगें उठाई जाएंगी।
वह इन सभी मांगों को लेकर 25 सितंबर को बड़ौत से पदयात्रा निकालेंगे और 26 सितंबर को कलक्ट्रेट में पंचायत करेंगे। पद यात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ललित राणा, राष्ट्रीय विधिक सलाहकार अवध प्रताप सहित कई पदाधिकारी व किसान शामिल होंगे।