बागपत, अमीनगर सराय। लुहारा गांव के टैंपो चालक साकिब (22) की रविवार देर शाम जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। उधर मृतक के भाई ने दो युवकों पर जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया।
लुहारा गांव के रहने वाले कामिल ने बताया कि उसका परिवार गाजियाबाद जिले के पसोंडा में रहता है और उसका छोटा भाई साकिब टैंपो चलाता था। बताया कि रविवार को उसका भाई टैंपो लेकर गया था। दिल्ली में गगन सिनेमा के पास उसके भाई साकिब का फोन छीन लिया गया। जिसके बाद साकिब लुहारा गांव में आ गया। आरोप लगाया कि साकिब के पीछे दो युवक भी आ गए, जिन्हें गांव के लोगों ने भी देखा।
आरोप लगाया कि रविवार देर शाम कब्रिस्तान में उसके भाई को जहरीला पदार्थ पिलाकर दोनों युवक भाग गए। गांव के लोगों को साकिब कब्रिस्तान में पड़ा हुआ मिला। सूचना पर वहां पहुंचे परिवार वाले साकिब को लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक साकिब तीन भाइयों में सबसे छोटा था। जिसकी कई साल पहले शादी हुई थी। उधरए पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।