अमीनगर सराय। क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ सामान लेने गई किशोरी के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। मां ने इसका विरोध किया तो दोनों की पिटाई कर दी। महिला ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने और उसके परिवार के तीन युवकों को हवालात में बंद कर शांतिभंग की कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
महिला ने बताया कि सोमवार रात अपनी बेटी के साथ दुकान पर सामान लेने गई थी, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है। तभी गांव में अपनी ससुराल में आए तीन युवकों ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर दी। उसकी बेटी ने शोर मचाया तो तीनों युवक बाइक पर बैठकर भाग गए। उन्होंने परिवार वालों को इसकी जानकारी दी और तीनों युवकों की ससुराल जाकर घटना के बारे में बताया। आरोप लगाया कि तीनों युवकों ने अपने ससुराल वालों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर घायल कर दिया। उधर, दूसरे पक्ष के लोगों ने भी मारपीट का आरोप लगाया। इस मामले में एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत की जांच कराई जा रही है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।