बागपत। नैथला-लुहारी मोड़ पर मंगलवार दोपहर को दो बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार किशोर अक्षत (12) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया। तभी वहां पहुंचे मृतक के परिजनों ने घायल युवक के साथ मारपीट का प्रयास किया।
गौरीपुर जवाहरनगर गांव के रहने वाले सोनू ने बताया कि वह राजमिस्त्री है। मंगलवार दोपहर वह काम करके घर आया, तभी उसका बेटा अक्षत बाइक लेकर नैथला लुहारी मार्ग पर घूमने चला गया। नैथला गांव के समीप एक काॅलेज के पास उसके बेटे अक्षत की सामने से आ रही दूसरी के साथ आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें अक्षत और दूसरी बाइक सवार युवक भी घायल हो गए। तभी राहगीर घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अक्षत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दूसरी बाइक पर सवार रवि, अजय उर्फ मोनू निवासी लुहारी और अमित निवासी फखरपुर का भी जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने तीनों को रेफर कर दिया। बताया कि घायल अजय और अमित को एंबुलेंस से दिल्ली भेज दिया गया, जबकि रवि अस्पताल में ही था। तभी मृतक अक्षत के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जो रवि को देखते ही भड़क गए और मारपीट करने का प्रयास किया। तभी वहां पहुंचे रवि के परिजनों ने किसी तरह स्थिति संभाली। जिसको लेकर दोनों पक्षों में हंगामा हो गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
काफी देर तक चलता रहा हंगामा
जिला अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच हंगामा हुआ तो अस्पताल कर्मियों के साथ भी नोकझोंक हुई। मृतक के परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। तभी वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी मृतक के परिजनों की नोकझोंक हो गई। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
-
तीन घंटे तक पुलिस करती रही रवि की सुरक्षा
जिला अस्पताल में हंगामा होने के बाद पुलिस ने घायल रवि को एक तरफ बैठाया। इसके बाद पुलिसकर्मी रवि के आसपास ही रहे, जबकि मृतक के परिजन भी इधर उधर घूमते रहे। जहां करीब तीन घंटे तक घायल रवि पुलिस सुरक्षा में रहा।