आज से बच्चों के बिना स्कूल में उपस्थित होंगे शिक्षक
बागपत। आज से परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक स्कूल में पहुंचकर स्कूल के पेंडिंग कार्यों को पूरा करेंगे। हालांकि बच्चों को स्कूल नही बुलाया जाएगा। इस संबंध में बीएसए राजीव रंजन से सभी शिक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए है। शासन ने लॉकडाउन के दौरान परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को खाद्यान्न व परिवर्तन लागत अभिभावकों के खातों में भेजने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक स्तर पर प्रत्येक बच्चें को 374.29 रुपये तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर 561.02 रुपये परिवर्तन लागत अभिभावकों के खातों स्थानांतरित की जाएगी। इसके लिए खंड शिक्षाधिकारी विद्यालय वार छात्रों का डाटा तैयार कर स्कूल के प्रधानाध्यापकों को उपलब्ध कराएंगे। प्रधानाध्यापक के परीक्षण के उपरांत धनराशि अभिभावकों के खातों में स्थानांतरित की जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक स्तर पर 7.60 किग्रा तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर 11.40 किग्रा खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। बच्चों को कोटेदार के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण कराया जाएगा।