बड़ौत। गत वर्ष बोर्ड की कॉपियां जांचने वाले शिक्षकों का भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताई गई।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह, जिला मंत्री सतवीर सिंह व मीडिया प्रभारी अजय राज शर्मा ने बताया कि पांच माह पूर्व धनराशि आवंटित होने के बावजूद कई बार जिला विद्यालय निरीक्षक से वार्ता की गई, लेकिन आज तक शिक्षकों को भुगतान नहीं हो सका है। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों की पेंशन व जीपीएफ की पत्रावली जो तीन माह पूर्व उप शिक्षा निदेशक मेरठ को जाने चाहिए थी, आज तक नहीं भेजी गई है। वीर स्मारक इंटर कॉलेज बड़ौत के प्रवक्ता राजेंद्र सिंह की चयन बोर्ड द्वारा प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्ति होने पर उन्हें पत्र निर्गत नहीं किया जा रहा है। इन तमाम समस्याओं को लेकर 25 जनवरी को जिला कार्यकारिणी की बैठक दोपहर 11 बजे यमुना इंटर कॉलेज बागपत में होगी।