बागपत डीआईओएस कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे शिक्षक । संवाद
बागपत। डीआईओएस कार्यालय में शुक्रवार को महिला शिक्षक चूड़ी लेकर धरना स्थल पर पहुंचीं और वहां नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में सीडीओ के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
कार्यालय परिसर में शिक्षकोें ने चौथे दिन भी लंबित प्रकरणों और समय से वेतन नहीं देने के विरोध में धरना दिया। प्रांतीय मंत्री सुशील चौधरी ने कहा कि शिक्षा विभाग के अफसर शिक्षकों को परेशान करते हैं और उन्हें अकेले-अकेले कार्यालय में बुलाकर आपत्ति लगा देते है। महिला शिक्षक भी कार्यालय में डीआईओएस के लिए चूड़ी लेकर पहुंचीं। सूचना मिलने के बाद सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद शिक्षकों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रमोद प्रकाश शर्मा, जिला मंत्री संजीव कुमार तोमर, कोषाध्यक्ष सुदेश भारती, नरेंद्र मान, ललित जैन, नवीन, प्रदीप शर्मा, रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।