बागपत। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य और सेवानिवृत्त शिक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह बीएसए से भिड़ गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उनपर अपने एक साथी के साथ मिलकर कार्यालय में घुसकर अभद्रता करने और सरकारी कार्यालय में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। एसपी ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए हैं।
बीएसए कीर्ति ने इस संबंध में जिलाधिकारी को की शिकायत में बताया है कि वह सोमवार शाम को अपने कार्यालय में बैठी थी। तभी उनके कार्यालय में जनता वैदिक इंटर कालेज बड़ौत के सेवानिवृत्त सहायक शिक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह व गांधी स्मारक इंटर कालेज दोघट के शिक्षक मनोज कुमार जबरन घुस गए। वीरेंद्र कुमार उनपर गूंगाखेड़ी के कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक अपने बेटे दीपक तोमर और पुत्रवधू मीनू का रोका गया एक दिन का वेतन जारी करने का दबाव बना रहे थे।
बीएसए ने शिकायत में कहा है कि वह 12 अक्तूबर को कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण के लिए गई थी, जहां दीपक व मीनू अनुपस्थित मिले थे, जिसके बाद उनका उस दिन का वेतन रोक दिया था। वीरेंद्र कुमार ने दबाव बनाया तो उनको बाहर जाने के लिए कहा गया। आरोप है कि वह उनके साथ गाली-गलौच करते हुए अभद्रता करने लगे। शोर सुनकर पहुंचे अन्य कर्मियों ने किसी तरह से उन्हें कार्यालय से बाहर निकाला। बीएसए ने तुरंत डीएम को अवगत कराते हुए दोनों का कार्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित कराने व उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने उनकी शिकायत को कार्रवाई के लिए एसपी के पास भेज दिया।
बीएसए के साथ कार्यालय में घुसकर अभद्रता करने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत मिली है। उसपर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। नीरज कुमार जादौन, एसपी
मैं एक पुराने प्रकरण को लेकर बीएसए से मिलने गया था। मैने किसी तरह की कोई गलत बात नहीं की और न कोई अभद्रता की है। अगर कोई आरोप लगाया गया है तो वह गलत है। वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य, माध्यमिक शिक्षक संघ
बीएसए लंबी छुट्टी पर गईं
बीएसए कीर्ति इस प्रकरण के बाद लंबी छुट्टी पर चली गई हैं। बताया जा रहा है कि उनकी शादी होने वाली है।