बड़ौत (बागपत)। बड़का गांव के संविलियन विद्यालय में शुक्रवार को एक शिक्षक पर दो छात्राओं को मुर्गा बनाकर पीटने का आरोप लगाया गया है। जिससे एक छात्रा घायल हो गई। छात्रा को लेकर उसकी मां कोतवाली पहुंची और वहां तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल का सीएचसी में उपचार कराया। उधर, बीईओ ने भी इस मामले में जांच कराने की बात कही है।
बड़का के एक व्यक्ति की 11 वर्षीय बेटी गांव के संविलियन विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती है। शुक्रवार को मध्याह्न के दौरान वह कक्षा तीन में पढ़ने वाली एक अन्य छात्रा के साथ स्कूल में खेल रही थी। इस दौरान जमीन पर लटकी पेड़ की टहनी पर उसका पैर आ गया। आरोप है कि इस कारण ही शिक्षक ने दोनों को मुर्गा बनाकर डंडे से पिटाई कर दी। इसकी सूचना पर कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा की मां विरोध जताने के लिए विद्यालय पहुंची। आरोप है कि उसके साथ भी शिक्षक ने अभद्रता की।
जिसके बाद महिला कोतवाली पहुंची और शिक्षक पर बेटी को मुर्गा बनाकर बेरहमी से पीटने के कारण डंडा लगने से उसकी बेटी के हाथ में चोट लगने की बात कही। महिला ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल छात्रा को सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से एक्सरे के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जिसका शनिवार को एक्स-रे कराया जाएगा। वहीं इस मामले में दूसरी छात्रा के परिजनों ने इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है।
वर्जन-
- एक छात्रा पेड़ पर चढ़ रही थी। शिक्षक ने उसे नीचे उतरने के लिए डंडा दिखाया तो वह उसके हाथ में लग गया। जिससे उसे मामूली चोट लग गई। छात्राओं को मुर्गा बनाकर पीटने के आरोप की जांच कराई जाएगी। अगर आरोप सही मिलते है तो कार्रवाई की जाएगी। -अनिल कुमार, बीईओ
- छात्राओं के साथ मारपीट करने के मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जिसके बाद छात्रा को सीएचसी पर उपचार के लिए भेजा गया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। - सविरत्न गौतम, सीओ बड़ौत।