तीन गांवों में नहीं मिल रही ओवरहेड टैंक के लिए भूमि
बागपत। पाइप पेयजल योजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले ओवरहेड टैंक के लिए तीन गांव में भूमि नहीं मिल रही है। ग्रामीणों को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस संबंध में डीएम ने बड़ौत और अधिशासी अभियंता जल निगम ने बागपत एसडीएम को पत्र लिखा है।
हिंडन और कृष्णा नदी के किनारे बसे गांवों में शुद्ध पेयजल व्यवस्था कराने के निर्देश एनजीटी ने दिए हुए है। फाइलों में तो काम किया जा रहा है, लेकिन गांवों को अभी शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। किशनपुर बराल, बुढ़सैनी और हबीबपुर नंगला गांव तो ऐसे हैं, जहां पानी की टंकी के लिए जमीन ही उपलब्ध नहीं हो पाई है। ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर है। यहां पर हैंडपंप तो उखड़वा दिए गए थे, लेकिन पीने के लिए पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।
डीएम शकुंतला गौतम ने किशनपुर बराल में पानी की टंकी के निर्माण के लिए एसडीएम बड़ौत को पत्र जारी कर टंकी का निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार कराने के लिए निर्देशित किया है। निर्देशित किया कार्य में लापरवाही न बरती जाएं, जल्द से जल्द भूमि की व्यवस्था कराएं। इसके अलावा बुढ़सैनी और हबीबपुर नंगला गांव में भी इसी तरह के हालात है। जल निगम के अधिशासी अभियंता एसके जैन ने बागपत एसडीएम को पत्र भेज दोनों गांवों में भूमि उपलब्ध कराने के लिए अनुरोध किया है।