बागपत के अग्रवाल मंडी कस्बा की चेयरपर्सन सीमा ठाकुर और सभासद पीयूष गुप्ता के बीच चल रहा विवाद बढ़ता ही जा रहा है। चेयरपर्सन ने सभासद पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कोतवाली पर एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि दो दिन पूर्व चेयरपर्सन के विरुद्घ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
चेयरपर्सन सीमा ठाकुर ने कोतवाली में दिए शिकायत पत्र में बताया कि वे 20 अप्रैल को मीतली गांव में एक शादी समारोह में गई हुई थी। वहां पर कस्बा का पीयूष गुप्ता मौजूद था। आरोपी पीयूष गुप्ता काफी समय तक उन्हें घूरता रहा। आरोपी ने अश्लील हरकतें भी की। जब वे टैंट से बाहर निकली तो आरोपी ने उसकी साड़ी का पल्लू पकड़ कर खिंच दिया।
उनके पति आमोद कुमार के अलावा अश्वनी मानव ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ गाली गलौज कर मारपीट की। जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। उन्होंने कोतवाली पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में आरोपी पीयूष गुप्ता के खिलाफ (धारा 323,504,506, 354, 354ए, 354डी आईपीसी) में रिपोर्ट दर्ज हुई।
कोतवाली पुलिस का कहना कि आरोपी पीयूष गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सभासद पीयूष गुप्ता ने चेयरपर्सन सीमा ठाकुर व उनके पति आमोद कुमार समेत चार लोगों पर हमला कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।