अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर के प्राइमरी पाठशाला के अतिसंवेदनशील केंद्र पर मतदान के अंतिम चरण में मामूली कहासुनी के बाद दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। समर्थकों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया। बूथ पर तैनात पुलिस बल को लाठियां भांजकर भीड़ को दौड़ाना पड़ा।
सिंघावली अहीर गांव के संवेदनशील बूथ पर चुनाव के अंतिम चरण में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मतदान को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज के बाद पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पक्ष एक युवक घायल हो गया। बूथ पर तैनात पुलिस बल ने सख्त बरतकर लोगों को शांत किया। इस दौरान बूथ पर काफी भीड़ एकत्रित हो गइ। पुलिस को भीड़ हटाने के लिए लाठी भांजनी पड़ी।
अफवाहों पर खूब दौड़ी पुलिस
दोघट। चुनाव के अंतिम क्षणों में अफवाहों का दौर रहा। फर्जी मतदान की सूचना पर पुलिस दौड़ती रही। भड़ल गांव में फर्जी एजेंट की शिकायत पर पुलिस ने एजेंट को बूथ से बाहर निकाला। उधर, पलड़ी गांव में फर्जी वोट डालने को लेकर दो युवकों के बीच झगड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, झुंडपुर गांव में फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। डीएम राजकमल यादव और एसपी अभिषेक सिंह ने भड़ल, निरपुड़ा, बामनौली गांवों में मतदान का निरीक्षण किया।