बागपत। नगर में सोनीपत स्टैंड के पास नगर पालिका की पेयजल लाइन लीक होने से दूसरे दिन भी कई जगह पानी की आपूर्ति ठप रही। दूसरे दिन भी कर्मी पाइपलाइन ठीक करने में जुटे रहे। जिस कारण लोगों को पेयजल के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
जिला पंचायत के परिसर की टंकी से बड़ा बाजार, सिसाना रोड, कोर्ट रोड, जैन मोहल्ला समेत अन्य जगहों पर पानी की सप्लाई होती है। इसकी पाइपलाइन सोनीपत बस स्टैंड के पास मंगलवार को लीक हो गई। जिससे इन सभी जगहों पर पानी की आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार को दिनभर मशक्कत करते रहे कर्मचारी पाइपलाइन दुरुस्त नहीं कर पाए। जिसके चलते बुधवार की सुबह भी कई जगहों पर आपूर्ति ठप रही। इस मामले में नगर पालिका के अटेंडेंट राजबहादुर ने बताया कि पाइपलाइन ठीक कर पेयजल आपूर्ति शुरू करा दी गई है। सुबह के समय कुछ जगहों पर परेशानी रही, लेकिन शाम को सभी जगहों पर पेयजल आपूर्ति जारी की गई।