बागपत। बागपत सहकारी चीनी मिल में बुधवार को टरबाइन फटने के बाद क्रय केंद्रों पर आने वाले गन्ने को छह चीनी मिलों में आवंटित कर दिया गया, जिससे किसानों की परेशानी कुछ कम हो सके।
जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल ने बताया कि बागपत मिल में टरबाइन फट गई थी, जिससे पेराई बंद हो गई है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए बागपत मिल के क्रय केंद्रों का गन्ना अन्य मिलों को आवंटित करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया था। इसके बाद गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने मिलों को गन्ना आवंटन कर दिया है। बताया कि मलकपुर चीनी मिल में सरूरपुर प्रथम, द्वितीय, खेड़ा इस्लामपुर प्रथम, बिहारीपुर, सुल्तानपुर हटाना, खेड़की, फैजल्लापुर, फैजपुर निनाना, मोदीनगर मिल को फिरोजपुर, खेकड़ा प्रथम, चौथा, मंडौला का गन्ना भेजा जाएगा।
इसके अलावा दौराला मिल को बसी प्रथम, द्वितीय, तृतीय, सुन्हैड़ा प्रथम, द्वितीय, खेकड़ा द्वितीय, सांकरौद, किनौनी मिल को पूठड़, हिसावदा प्रथम, सांकलपुट्ठी प्रथम, निबाली, गाधी प्रथम, द्वितीय, क्यामपुर, द्वितीय, सूजरा, सादुल्लापुर का गन्ना भेजा जाएगा। मेरठ की नंगलामल मिल में डौला प्रथम, बसौद, चौपड़ा महेशपुर, मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर मिल में बिचपड़ी, गठीना व बुढ़ेडा प्रथम का गन्ना आवंटित कर दिया गया है ताकि खेतों से समय से गन्ना की कटाई हो सके।