बाजार में वाहनों के चालान काटने पर व्यापारी नाराज
-
बागपत। बाजार में खरीदारी करने आने वाले वाहन चालकों के चालान काटने से गुस्साए व्यापारियों ने राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। जहां ट्रैफिक इंस्पेक्टर के साथ उनकी नोकझोंक हुई। इसके बावजूद ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने हेलमेट नहीं लगाने व सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के चालान काटने की चेतावनी दी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी व अन्य व्यापारी शुक्रवार शाम को राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंचे। जहां यातायात निरीक्षक से उन्होंने दुकानों पर सामान लेने आने वालों के वाहनों के चालान नहीं काटने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इस तरह चालान काटने से बाजार के अंदर अफरा तफरी का माहौल रहता है। पुलिस चालान काटने के लिए आती है तो वाहन को लेकर लोग भागते हैं और इससे हादसा होने का डर रहता है। इसके अलावा बाजार में ग्राहक आने बंद हो गए हैं, इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि चौक से अन्य जगह पर खड़े होकर चालान काटे जाएं।
यातायात निरीक्षक ने कहा कि होली चौक पर कपड़े की दुकान के आगे सबसे ज्यादा वाहन खड़े रहते हैं और सड़क पर गाड़ी खड़ी करने से जाम लगता है। इसके अलावा भी कई दुकानों के आगे वाहन खड़े करने से जाम लगता है। इसलिए ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने पर चालान काटे जाएंगे। इसको लेकर व्यापारियों से यातायात निरीक्षक की नोकझोंक हुई और व्यापारियों ने एसपी से मिलने की बात कही।
इस दौरान अभिषेक जैन, राजेश खुराना, नवीन राजपूत, विक्की चौधरी, बॉबी चौहान, मुनीर खान, ताहिर मलिक, सचिन गुप्ता, अतुल गुप्ता, प्रेम गुलियानी, अजब सिंह, सतीश शर्मा, राकेश चौहान, अरविंद गोयल, अतुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।