बागपत। शहर में गणपति का एक ऐसा भक्त है, जिसने चौथी बार गणेश महोत्सव का आयोजन करने के लिए अपनी सारी जमापूंजी लगा दी। इसके बाद भी रुपये कम रहने पर बैंक से 50 हजार रुपये का ऋण ले लिया। भगवान गणपति का भव्य दरबार सजाया। अब शुक्रवार को गणपति विसर्जन के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
शहर के यमुना रोड पर रहने वाले हलवाई सुभाष कश्यप ने बताया कि पिछले चार साल से गणेश महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं। हर साल गणेश महोत्सव के लिए पहले से रुपयों की व्यवस्था कर लेते थे और मोहल्ले के लोगों से भी सहयोग मिल जाता था। इस बार भी गणेश महोत्सव की तैयारी शुरू कीं, लेकिन रुपये कम रहने पर चिंता सताने लगी। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने सोनीपत के निजी बैंक से 50 हजार रुपये का ऋण निकलवाने के बारे में बताया तो बैंक कर्मी से संपर्क किया। 50 हजार रुपये का ऋण मिलने के बाद गणपति का पंडाल सजाया।
-कृपा बनी रहे :
सुभाष कश्यप ने बताया कि उसके परिवार में चार भाई और दो बहनें हैं। बहनों की शादी हो चुकी है और पूरा परिवार पूजा-अर्चना में शामिल रहता है। उसकी यही कामना है कि भगवान गणपति की कृपा उसके परिवार पर बनी रहे। शुक्रवार को गणपति विसर्जन के साथ ही भंडारा किया जाएगा।