बागपत। जिले में सौ से अधिक उप स्वास्थ्य केंद्र सीएचओ के अभाव में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड नहीं हो पाए हैं। सीएचओ के अभाव में एएनएम के सहारे केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों पर एएनएम ही मरीजों का इलाज कर रही हैं।
लोगों को गांव में स्वास्थ्य विभाग के उपस्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, इसके लिए सब सेंटरों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में अपग्रेड करने की योजना तैयार की गई थी। जिले में 206 सब सेंटर को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू करने की कार्य योजना तैयार की गई थी।
इनमें से सिर्फ 105 उप स्वास्थ्य केंद्र ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड हो पाए है। जिले में सीएचओ के अभाव में 101 सब सेंटर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड नहीं हो सकें है। इन सब सेंटर पर एएनएम के माध्यम से लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीएचओ के अभाव में इन उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम ही सीएचओ की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और उनका इलाज कर रही हैं।
----
कब-कब मिले सेंटर
डीसीपीएम (जिला कम्यूनिटी प्रोग्राम प्रबंधक) नौशाद ने बताया कि जिले को वर्ष 2018-19 में 20, 2019-20 में 33 और 2020-21 में 52 और 2021-22 में 99 उप स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड करने की कार्य योजना तैयार की गई थी। पिछले चार साल में शासन स्तर से विभाग को केवल 105 सीएचओ मिले हैं। सीएचओ की कमी के कारण उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम से मरीजों का इलाज कराया जा रहा है।
कोट...
- सीएचओ के अभाव में 206 सब सेंटरों में से 105 सेंटरों का ही संचालन हो पाया है, अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम मरीजों को दवाई उपलब्ध करा रही है। सीएचओ मिलने पर अन्य उपकेंद्रों को भी को अपग्रेड कर सीएचओ तैनात किए जाएंगे। - डॉ. प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक