संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, एयर होस्टेस और ब्यूटीशियन बनाने के लिए जानकारी देकर प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारी तेज हो गई है।
जिले में दो कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 200 छात्राएं अध्ययनरत हैं। बालिका शिक्षा को बेहतर और सुदृढ़ करने के लिए शासन की तरफ से कई प्रयास किए जा रहे हैं। अब शासन के निर्देश पर विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को हाईस्कूल व इंटर में कॅरिअर व प्रोफेशनल कोर्स कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए छात्राओं को ऑनलाइन कोचिंग भी दी जाएगी। साथ ही छात्राओं को 50 से अधिक ट्रेड के बारे में जानकारी दी जाएगी, उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा। इससे इंटरमीडिएट परीक्षा पास करने के बाद वह रुचि के अनुसार अपना कॅरिअर बना सकें। इतना ही नहीं शिक्षा के माध्यम से छात्राओं को कॅरिअर बनाने के लिए शार्टटर्म सर्टिफिकेट कोर्स भी कराया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जल्द ही छात्राओं को इसके लिए तैयार किया जाएगा।