बागपत। शहर के बड़ौत रोड स्थित गेटवे इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शनिवार को झांकी निकालकर लोगों को खेल महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। विद्यार्थियों ने बैंडबाजों के साथ झांकी निकाली और जगह-जगह नृत्य किया।
झांकी का शुभारंभ प्रबंधक सुनील प्रधान व प्रधानाचार्य अमित चौहान हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद स्कूल के छात्र-छात्राएं बैंडबाजों के साथ नृत्य करते हुए स्कूल से रवाना हुए। स्कूल के बैंड अपनी प्रस्तुति देते हुए चल रहे थे और लोगों को स्कूल के स्थापना दिवस व खेल महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
सांस्कृतिक वेशभूषा में बच्चों ने जमकर नृत्य किया और नौ फरवरी को होने वाले कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।
बताया कि रविवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिता के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। विद्यार्थियों का जगह-जगह शहर के लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
झांकी शहर के राष्ट्र वंदना चौक से होते हुए शौकत मार्किट, गांधी बाजार, बड़ा बाजार, यमुना बाजार व कोर्ट रोड से होते हुए स्कूल पर समाप्त हुई।
प्रधानाचार्य अमित चौहान ने कहा कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। इस मौके पर संजय शर्मा, उप प्रधानाचार्य अजय राणा, रुचि डबास, ज्योति, विजय, अश्विनी, वैशाली मौजूद रहे।