अमीनगर सराय (बागपत)। डौला गांव के नौवीं कक्षा के छात्र ने ऑनलाइन गेम खेलने के लिए घर से 64 हजार रुपये उड़ा दिए। पता चलने पर किशोर के पिता ने पुलिस से जनसेवा केंद्र संचालक के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
डौला के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसका बेटा नौवीं कक्षा में पढ़ाई करता है, जो फ्री फायर गेम खेलता है। जिसने दो महीने में घर से 64 हजार रुपये चोरी कर साइबर कैफे से रिचार्ज कराया। जिसमें वह हारता चला गया और बार-बार रिचार्ज कराता रहा। रुपये चोरी होने की जानकारी पर उन्होंने पूछताछ की तो जानकारी हुई।
उधर साइबर कैफे संचालक का कहना है कि उसने रुपये अपने पास नहीं रखे, सभी रुपयों का रिचार्ज किया है। उधर कार्यवाहक थाना प्रभारी का कहना है कि कैफे संचालक ने भी अपना पक्ष रखा है, जिसकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आनलाइन बैंक खाते से उड़ाई नकदी
खेकड़ा। रटौल कस्बे के रहने वाले पद्म सिंह ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी। बताया कि खेकड़ा स्थित स्टेट बैंक शाखा में उसका खाता है। सुबह वह फेसबुक चला रहा था। तभी उसके फोन पर एक मैसेज आया। उसने मैसेज को खोलकर देखा। इसके बाद खाते से साइबर चोरों ने 3000 रुपये उड़ा दिए। सीओ विजय चौधरी का कहना है कि आनलाइन आने वाले किसी भी मैसेज और लिंक को सावधानी के साथ देखना चाहिए। किसी को भी अपना पिन कोड नहीं देना चाहिए। साइबर चोरो का सुराग लगाकर कार्रवाई की जाएगी।