भैसाना चीनी मिल में धरने को संबोधित करते पूर्व विधायक वीरपाल राठी
- फोटो : BAGHPAT
दोघट। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों ने भैसाना चीनी मिल पर धरना दिया। किसानों ने गन्ना बकाया का जल्द भुगतान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
किसानों के धरना में चौगामा क्षेत्र से भारी संख्या में किसान भैंसाना चीनी मिल पहुंचे। बृहस्पतिवार की सुबह क्षेत्र के किसान सुबह भड़ल गांव में एकत्रित हुए और जुलूस के रुप में भैसाना चीनी मिल के लिए रवाना हुए। पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने कहा कि बार-बार मांग करने के बाद भी किसानों के गन्ना बकाए का भुगतान नहीं किया जा रहा है। भुगतान न होने के कारण किसानों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है।
चौगामा खाप चौधरी कृषि पाल राणा ने कहा कि चीनी मिल गन्ना बकाए का भुगतान नहीं कर रही है। विद्युत निगम किसानों पर बकाया जमा करने का दबाव बना रहा है। बार-बार मांग करने के बाद भी मिल ने दस मार्च तक के बकाए का ही भुगतान किया है।
उन्होंने जल्द की बकाए का भुगतान कराने की मांग की। धरने में बिजेंद्र राणा, देवपाल राणा, विकास राणा, तेजपाल, कृष्णपाल राठी, राजवीर राठी, ओमपाल राठी, महक सिंह, रामपाल मेंबर, देशपाल डायरेक्टर, बिजेंद्र राठी, सत्यवीर राठी मौजूद रहे।