सुरक्षा बल की देखरेख में केंद्रों पर पहुंचाएं जाएंगे पेपर
केंद्रों पर केंद्र प्रतिनिधि एवं मजिस्ट्रेट किए नियुक्त
बागपत। दो पाली में रविवार को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियां परखी गई। प्रश्नपत्रों को कोषागार में लॉक करवाया। परीक्षा के दौरान केंद्र पर केंद्र प्रतिनिधि एवं मजिस्ट्रेटों तथा कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन कराने के लिए केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। कोरोना महामारी को देखकर केंद्रों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। प्रभारी डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
रविवार को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में 11 सौ परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए तीन केंद्र बने हैं। इनमें 300-300 अभ्यर्थियों के दो केंद्र नगर के श्री यमुना इंटर कॉलेज में और पांच सौ अभ्यर्थियों का एक केंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज सरुरपुर कलां को बनाया है। प्रत्येक के केंद्र में केंद्र प्रतिनिधि एवं मजिस्ट्रेट तथा कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए हैं। प्रत्येक 25 अभ्यर्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था की है। शनिवार को पुलिस एवं प्रशासन की देख रेख में प्रश्नपत्रों को कोषागार में लॉक किया और पुलिस तैनात कर दी। परीक्षा से एक घंटे पूर्व मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रश्नपत्रों को केंद्रों में पहुंचाया जाएगा।
केंद्रों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया
बागपत। कोरोना महामारी को देखते हुए केंद्रों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की थर्मल स्केनिंग कर प्रवेश दिया जाएगा।
मॉस्क व सैनिटाइजर लाने के निर्देश
बागपत। प्रभारी डीआईओएस रेखा सिंह ने बताया कि परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों को केंद्र पर मॉस्क का प्रयोग करने व सैनिटाइजर साथ लाने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक पर निर्देश अंकित हैं।
परीक्षा के दौरान लागू रहेगी धारा 144
बागपत। बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान केंद्रों के 200 मीटर के क्षेत्र में धारा 144 लागू रहेगी। लॉकडाउन के दौरान कक्ष निरीक्षकों एवं अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो इसके लिए अभ्यर्थी का अनुक्रमांक व कक्ष निरीक्षक का आई कार्ड पास के रुप में मान्य होगा।
परीक्षा में मोबाइल फोन रहेगा प्रतिबंधित
बागपत। परीक्षा के दौरान केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं केंद्र प्रतिनिधि के अलावा अन्य केंद्र कर्मियों के लिए मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रभारी डीआईओएस ने किया केंद्रों का निरीक्षण
बागपत। रविवार को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर शनिवार को प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रेखा सिंह ने केंद्रों का निरीक्षण व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन कराने के निर्देश दिए।
कक्ष निरीक्षकों को दिए आवश्यक निर्देश
बागपत। परीक्षा को लेकर शनिवार को केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों की बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। नगर के श्री यमुना इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश राज शर्मा ने बताया कि रविवार को सभी कक्ष निरीक्षक, मुख्य पर्यवेक्षक एवं पर्यवेक्षक अधिकारियों को सुबह सवा छह बजे केंद्र पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। कोरोना महामारी को देखकर भीड़ एकत्र न हो, इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक घंटे पूर्व प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को सैनिटाइज कर उनकी थर्मन स्केनिंग की जाएगी तथा सभी के लिए मॉस्क जरूरी होगा। बिना मॉस्क के किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र मे प्रवेश नहीं दिया जाएगा।