बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रात को अंधेरा छाया रहता है। इसके अलावा हाईवे पर किशनपुर बराल गांव में दो माह से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे सड़क हादसे होने का डर बना रहता है। अंधेरा होने के कारण अचानक हाईवे पर वाहन के सामने आवारा गोवंश आ जाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों व वाहन चालकों ने समस्या का समाधान कराने के लिए जल्द लाइटें ठीक कराने की मांग की है।
किशनपुर बराल के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हाईवे पर दो माह से लाइटें खराब हैं। रात भर अंधेरा रहता है। इससे हाईवे से गुजरने में वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी होती है। अंधेरा होने के कारण गांव के पास हाईवे पर हादसे बढ़ रहे हैं। अंधेरे में वाहन चालक गोवंश को टक्कर मारकर फरार हो जाते हैं। गांव के आसपास रोजाना वाहनों की टक्कर से गोवंश घायल हो रहे हैं। कई बार एनएसएआई के अधिकारियों से हाईवे पर गांवों के पास लगी स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
- अंधेरा होने से बढ़ रहे हादसे
स्ट्रीट लाइट खराब होने से हाईवे पर हादसे बढ़ रहे हैं। वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो जाते है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। - नितिन मलिक वाहन चालक
-
घायल हो रहे गोवंश
हाईवे पर अंधेरा होने के कारण अचानक वाहनों के सामने गोवंश आ जाने से जहां गोवंश घायल हो रहे हैं, वहीं बड़ा हादसा होने का भी खतरा रहता है। गांवों के किनारे लगी स्ट्रीट लाइट जल्द ठीक होनी चाहिए। -करण सिंह
-
कई बार की जा चुकी है शिकायत
कई जगह यू-टर्न भी बने हैं। अंधेरा होने से सामने से आ रहीं गाड़ियां दिखाई नहीं देतीं और वे दुर्घटना के चपेट में आ जाते हैं। सबसे अधिक समस्या बाइक, स्कूटर और साइकिल से जा रहे लोगों को होती है। - यामीन
हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों के न जलने से शाम होते ही हाईवे अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में रात के वक्त दुपहिया वाहन चालक तेज रफ्तार से आ रहीं गाड़ियों की चपेट में आने से दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं-लोकेन्द्र
आए दिन होते रहते है हादसे
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सबसे ज्यादा बावली, रमाला पुलिस थाना व किशनपुर बिराल के पास हादसे होते हैैं। गत दिनों भी रात्रि में अंधेरे के चलते एक कार की ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ंत हो गई थी, जिसमें दो महिला समेत पांच लोग घायल हो गए थे। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके थे। फिर भी विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
- ये बोले एनएएचआई के इंजीनियर
इस संबंध में एएएचआई के इंजीनियर सौरभ चिन्तम ने बताया कि केबल कटने से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जल्द ही उनको ठीक कराया जाएगा।