दोघट। टीकरी में पानी की निकासी के लिए निर्माणाधीन नाला का निर्माण सूजती के किसानों ने रोक दिया है। जिससे टीकरी के किसानों के खेतों में जलभराव होने से फसल बर्बाद हो रही हैं। किसानों ने अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
कस्बा टीकरी के पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण किया जा रहा है। सूजती की सीमा में वहां के किसानों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। नाले का निर्माण रुकने से टीकरी में पानी खेतों में भर गया है और फसल बर्बाद हो गई है। पानी की निकासी न होने के कारण कस्बे में जगह-जगह जलभराव की समस्या हो गई है।
किसान रामेश्वर, ओमपाल कश्यप, राम कश्यप, जगदीश, चंद्रपाल, राजेंद्र, ब्रह्मपाल, देशपाल, प्रवेंद्र का कहना है कि नाले का निर्माण न होने से उनके खेतों में जलभराव हो गया है और फसल खराब हो गई है। इस बारे में कई बार एसडीएम से शिकायत की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ है। नाले को लेकर टीकरी और सूजती गांव के किसानों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
किसानों का कहना है कि जल्द ही बैठक कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। टीकरी नगर पंचायत के ईओ मनीष चौधरी का कहना है कि सूजती में किसानों ने नाले की जमीन पर कब्जा किया हुआ है। जिसको कब्जामुक्त कराकर नाला बनवाया जाएगा, जिससे पानी की निकासी की समस्या खत्म हो सके।