अमीनगर सराय। कस्बे में बुढ़सैनी रोड पर बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने थार गाड़ी पर पथराव करके तोड़फोड़ कर दी। गाड़ी में सवार युवकों को उतारकर ईंटों से हमला किया गया, जिससे एक युवक की हालत गंभीर है। पुलिस ने पहुंचकर कई युवकों को हिरासत में लिया है। घायलों को एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज के परिवार के भाई व भतीजा बताया जा रहा है।
बरनावा गांव के रहने वाले एक चावल व्यापारी का बिलौचपुरा में चावलों के रुपयों के लेनदेन का विवाद चल रहा था। उसके साथ ही मेरठ के वरुण भारद्वाज, सुधीर भारद्वाज व अन्य दो युवक थार गाड़ी में सवार होकर वहां गए थे। बिलौचपुरा में चावल खरीदने-बेचने का काम करने वाले एक परिवार के युवकों के साथ उनका विवाद हो गया। जिसके बाद बरनावा का चावल व्यापारी चला गया और अन्य चारों थार गाड़ी में सवार होकर अमीनगर सराय की तरफ आ गए।
उनके पीछे बिलौचुपरा गांव से करीब पांच बाइकों पर सवार 10-12 युवक आए और एक बाइक को गाड़ी के आगे लगा दिया। उसके बाद ईंट व पत्थर उठाकर गाड़ी पर फेंककर तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद गाड़ी में सवार युवकों पर भी ईंटों से हमला कर दिया, जिनमें से तीन युवक किसी तरह बचकर भाग गए। आरोपियों ने वरुण भारद्वाज को सड़क पर गिराकर ईंटों से हमला करके अधमरा कर दिया। सूचना मिलने पर अमीनगर सराय चौकी से पुलिस वहां पहुंच गई और बिलौचपुरा के पांच युवकों को हिरासत में लिया। वहीं घायल वरुण को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इनमें वरुण भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज के परिवार का भतीजा और सुधीर को परिवार का भाई बताया जा रहा है।
सिंघावली अहीर थाने के कार्यवाहक प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि कई युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जा रही है।