बिनौली (बागपत)। खपराना गांव में बुधवार रात शराब पी रहे युवक को घर जाने के लिए कहने पर उसके साथियों ने आपत्ति जताई। इसको लेकर सोनू उर्फ सुधीर ठाकुर और सुरेश बावरिया पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। वहां आए पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर दो डंडे और एक तलवार बरामद की।
खपराना गांव निवासी सोनू उर्फ सुधीर ठाकुर ने बताया कि बुधवार शाम मकान में काम करने वाले मजदूरों के रुपये देने जा रहा था। रास्ते में कुछ लोग शराब पी रहे थे, वहां पर उसके समाज का युवक भी शराब पीता हुआ मिला। उन्होंने युवक से अंधेरा होने और घर जाने के लिए कहा तो दूसरे युवकों ने आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू करते हुए हमला कर दिया। पता चलने पर उसके परिवार वाले आए तो उन पर भी हमला कर दिया।
दूसरे पक्ष के सुरेश बावरिया का कहना है कि सोनू पक्ष ने उनके यहां आकर हमला किया। इसमें एक पक्ष के साहब सिंह, सोनू उर्फ सुधीर, मोहित, सतेंद्र, शेखर, दूसरे पक्ष से सुरेश, अमित, मोनू घायल हो गए। एसआई राहुल प्रताप सिंह ने पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में दोनों पक्षों के अर्जुन, अमित, सुरेश, अनुज, मोनू, कुलदीप, बंटी, रवि, सुनील, टिंकू, अंकित, अमन, योगेश, सतीश, सोनू समेत 17 के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि दोनों पक्षों के 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।