कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते एसपी नीरज कुमार जादौन
बागपत। थाना प्रभारी व यूपी डायल-112 पर तैनात पुलिस अब अधिकारियों से झूठ नहीं बोल सकेंगे। एसपी ने अपनी समेत थानों की 14 और यूपी डायल 112 की 32 गाडिय़ों में जीपीएस के साथ ही डैशबोर्ड कैमरे लगवाए है। पुलिस लाइन में स्थित कंट्रोल रूम के साथ ही एसपी व एएसपी अपने मोबाइल पर सभी गाडिय़ों की लोकेशन देख सकेंगे तो कैमरों में सभी गतिविधि कैद होती रहेगी।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने सबसे पहले अपनी गाड़ी में प्रयोग करते हुए जीपीएस व डैशबोर्ड कैमरा लगवाया। उसके बाद अब थाना प्रभारियों व यूपी डायल-112 की गाडिय़ों में भी जीपीएस व कैमरे लगवाए गए। नीरज कुमार जादौन के अनुसार इन गाडिय़ों की लोकेशन देखने के लिए पुलिस लाइन के कंट्रोल रूम में एलईडी लगाई गई है तो एक एलईडी जल्द ही एसपी कार्यालय में लगेगी। इसके अलावा एसपी व एएसपी अपने मोबाइल पर भी उनकी लोकेशन देख सकते है। इससे यह फायदा होगा कि कंट्रोल रूम में किसी भी जगह कोई घटना होने की सूचना मिलती है तो कंट्रोल रूम से पहले थाने में सूचना देने की जरूरत नहीं होगी। बल्कि उस घटनास्थल के नजदीक की गाड़ी की लोकेशन को देखते हुए सीधे फोन करके वहां भेज दिया जाएगा। इसके अलावा वायरलेस पर कोई भी अपनी लोकेशन को लेकर झूठ नहीं बोल सकेगा।
गाड़ी में लगे कैमरे में कैद होगी गतिविधि
गाड़ी में डैशबोर्ड पर कैमरे लगवाने का एक कारण यह भी है कि किसी घटना पर पुलिस जाती है। वहां हंगामा या किसी तरह का बवाल होता है तो वह कैमरे में कैद हो जाएगा। इससे एक बड़ा सबूत पुलिस के पास होगा और उसके आधार पर कार्रवाई की जा सकेगी।
- बाछौड़ मामले के बाद शरीर पर लगाने वाले कैमरे मिले बाछौड़ में एक मकान में दबिश देने जाने पर महिला व उसकी दो बेटियों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। जिससे तीनों की मौत हो गई थी और इसको लेकर काफी बवाल होने पर एसआई समेत अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा हुआ था। इसके बाद सभी थानों में शरीर पर लगाने वाले दो-दो कैमरे दिए गए है। जिससे किसी जगह दबिश देने जाने पर पुलिस उनको लगाकर जाए और वहां किसी तरह की घटना होने पर सही स्थिति का पता लग सके।
वर्जन.....
गाडिय़ों में जीपीएस व कैमरे लगवाए गए है। जिससे उनकी लोकेशन कंट्रोल रूम व मोबाइल पर देख सकेंगे। इससे घटनास्थल पर सबसे नजदीक मौजूद गाड़ी को भेजा जा सकता है तो कोई अपनी गलत लोकेशन नहीं बता सकेगा। कैमरे में सभी गतिविधि कैद होती रहेगी। नीरज कुमार जादौन, एसपी
कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते एसपी नीरज कुमार जादौन