बागपत के भगवानपुर गांव में मंगलवार की रात में चोरों ने चार घरों से नगदी, जेवरात समेत 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए और जाग होने पर एक महिला को तमंचों की बटों से मारपीट कर भाग निकले। इस संबंध में पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी।
गांव में मंगलवार की रात में चोरों ने धावा बोल दिया। चोर सबसे पहले शरीफ के मकान में घुसे। उनका परिवार मकान की छत पर सोया था। चोरों ने नीचे कमरों के ताले तोड़कर छह हजार की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत एक लाख रुपये का सामान चुराया। इसके बाद चोरों ने मीर हसन के घर को निशाना बनाया और यहां से चार हजार रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत तीन लाख रुपये का सामान चुरा कर ले गए। इसके बाद रोशन के घर में धावा बोला।
यहां से 13 हजार रुपये की नगदी, जेवरात समेत दो लाख रुपये का सामान चुरा कर ले गए। इसके बाद गजेंद्र पुत्र जसवंत के मकान में दीवार फांदकर घुसे और यहां से 10 हजार की नगदी, जेवरात समेत चार हजार रुपये का सामान चुराकर भागने लगे, लेकिन आहट सुनकर गजेंद्र की पत्नी कुसुम की आंख खुल गई और उसने बदमाशों का विरोध किया तो बदमाशों ने उसे तमंचों के बटों से हमला कर घायल कर दिया और भाग गए। शोर सुनकर गांव में जाग हो गई और ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। इस संबंध में गजेंद्र ने तहरीर दी।