बागपत। जिले में बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए नौ जनवरी से विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन पखवाड़ों में शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण पूर्ण कराने का कार्यक्रम तैयार किया है। इसके लिए सात जनवरी तक जिला और ब्लॉक स्तर पर टास्क फोर्स की बैठक कर टीमों का गठन किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि विशेष टीकाकरण अभियान के अंतर्गत बच्चों का तीन पखवाड़ों में टीकाकरण किया जाएगा। इसमें प्रथम चरण में नौ जनवरी से 20 जनवरी, दूसरे चरण में 13 फरवरी से 24 फरवरी और तीसरे चरण में 13 मार्च से 24 मार्च तक बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के लिए शनिवार को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर टॉस्क फोर्स एवं अंतर विभागीय समन्वय की बैठक का आयोजन कर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
टीकाकरण के लिए शासन स्तर से वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है। सभी सीएचसी, पीएचसी और स्वास्थ्य केंद्रों पर नौ जनवरी से बच्चों को टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के बाद बच्चों का ब्योरा पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। इसके अलावा 15 जनवरी से अस्पतालों में नियमित टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जाएगा।
जिला अस्पताल व शहरी सामुदायिक केंद्रों पर सप्ताह में रविवार से शनिवार तक बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। जबकि शहरी प्राथमिक केेंद्रों पर मंगलवार से रविवार तक बच्चे का टीकाकरण किया जाएगा। इस बारे में सभी चिकित्सा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।