छपरौली। कस्बे के 33/11 बिजलीघर में मशीन में स्पार्किंग होने से ऊर्जा निगम में हड़कंप मच गया। निगम ने शट डाउन लेकर मशीन को ठीक कराया। मशीन में स्पार्किंग होने से कस्बे में तीन घंटे विद्युत सप्लाई बाधित रही है।
मशीन में शनिवार को हुई अचानक स्पार्किंग से दूसरी मशीन में भी आग लगने का खतरा बढ़ गया। निगम कर्मियों ने 132 एमवीए के उपस्थान से शट डाउन लिया और मशीन ठीक कराने के लिए जरूरी सामान बड़ौत से सामान मंगाकर कर्मचारियों को लगाया। अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह और अवर अभियंता नरेंद्र प्रताप सिंह कर्मचारियों के साथ मशीन की मरम्मत में लगे रहे । करीब तीन घंटे के शट डाउन के बाद सप्लाई को चालू की। अधिशासी अभियंता बड़ौत गोपाल सिंह ने बताया समय रहते शट डाउन लेने के कारण मशीन बच गई है, नहीं तो भारी क्षति हो सकती थी।