चौकी व नाकों पर पहुंचकर कर रहे जांच, एक एसआई नहीं मिलने पर सस्पेंड किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। चुनाव के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसपी नीरज कुमार जादौन सख्त हो गए हैं। एसपी ने चौकी व नाकों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहां पुलिसकर्मी के ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे ही निवाड़ा चौकी पर एक एसआई को सस्पेंड किया गया है।
एसपी नीरज कुमार जादौन रविवार सुबह हरियाणा बॉर्डर की निवाड़ा चौकी पर निरीक्षण करने पहुंचे। जहां एसआई संजय कुमार ड्यूटी से नदारद मिले। इस पर एसपी ने उनको सस्पेंड कर दिया। एसपी ने साफ कहा कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त एसपी ने रमाला थाने की ककड़ीपुर चौकी व असारा गांव के मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद एसपी बामनौली के मतदान केंद्र व भड़ल पुलिस चौकी पहुंचे। वहां भी निरीक्षण कर निर्देश दिए।
पैदल मार्च किया
चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बल के जवानों व पुलिस ने कई गांवों व कस्बों में पैदल मार्च निकाला। जहां लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और किसी तरह की अप्रिय घटना होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।