बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रस्तावित केंद्रों को लेकर 20 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। किसी जगह छात्रों की संख्या को देखते हुए बैठने के लिए सीट कम है, तो कोई मुख्य मार्ग से काफी दूर है। प्रधानाचार्यों ने इन पर आपत्ति जताते हुए बदलने की मांग उठाई है। बृहस्पतिवार से जिला स्तरीय समिति इन आपत्तियों का निस्तारण करेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 12 दिसंबर को 54 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की थी। जिला स्तरीय समिति से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची तैयार करने के निर्देश थे। जिला स्तर पर प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर प्रधानाचार्यों को 14 दिसंबर तक आपत्ति दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में दो दिन में परीक्षा केंद्रों को लेकर 20 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इनमें सबसे अधिक आपत्ति मुख्य मार्ग से परीक्षा केंद्रों की दूरी और केंद्रों पर छात्र ज्यादा तो सीट कम होने को लेकर दर्ज की गई है। इनके अलावा कुछ आपत्ति परीक्षा केंद्र को कटवाने और कुछ को परीक्षा केंद्र बनवाने के लिए दर्ज कराई गई है। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
2021-22 में जिले में बनाए गए थे 44 परीक्षा केंद्र
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि जिले में 142 माध्यमिक विद्यालय है। इनमें 19 राजकीय हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेज, 71 अशासकीय सहायता प्राप्त और 52 वित्तविहीन विद्यालय है। वर्ष 2021-22 की परीक्षा में जिले में 44 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया था। इनमें चार राजकीय विद्यालय और 40 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया था।
कोट...
- कार्यालय में अब तक 20 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इनमें से 15 आपत्ति मुख्य मार्ग से केंद्र की दूरी और छात्रों को बैठाने के लिए सीट कम होने को लेकर आई है, जबकि पांच आपत्ति परीक्षा केंद्र कटवाने और बनवाने के लिए दर्ज की गई है। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। - रवींद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक