झगड़े में हुए पथराव के बाद गली में बिखरे पड़े पत्थर
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। युवतियों पर फब्तियां कसने से मना करने पर नगर के मोहल्ले में हंगामा खड़ा हो गया। एक वर्ग के युवकों ने युवती के परिजनों के साथ मारपीट की और पथराव भी किया। जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। पीड़ित ने कोतवाली पर तीन युवकों को नामजद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला निवासी युवक बृहस्पतिवार रात अपनी बहनों के साथ घर के बाहर खड़ा था। तभी एक वर्ग के कुछ युवक आए और उन पर अश्लील फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट की। शोर मचाने पर उसके परिजन भी पहुंच गए। जिस पर आरोपियों ने कब्रिस्तान की तरफ के मोहल्ले से कुछ लोगों को फोन कर बुला लिया और युवक के घर में घुसकर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने छत पर चढ़कर पथराव भी किया। मोहल्ले के अन्य लोगों को आता देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस का लोगों ने घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पूरी रात मोहल्ले में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले रखा है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।