नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला दस दिन से काट रही कोतवाली के चक्कर
कोतवाली पुलिस पर धमकाने का आरोप लगाया, सीओ ने जांच की जानकारी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। एक महिला को छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई के लिए बागपत कोतवाली प्रभारी दस दिन तक टरकाते रहे। अब पीड़िता से कहा कि पहले खुद आरोपी को पकड़कर लाओ तक मुकदमा किया जाएगा। पुलिस के इस रवैये से परेशान पीड़ित ने एसपी से कोतवाली पुलिस की शिकायत की बात कही है। वहीं, सीओ ने मामला संज्ञान में आने पर कार्रवाई कराने व पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच कराने की बात कही है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने आरोप लगाया कि छपरौली क्षेत्र का एक युवक उनके पड़ोस में किराये के मकान में रहता है। आरोप है कि करीब दस दिन पहले घर में कोई नहीं था तो उक्त युवक नशे की हालत में उनके घर में घुस गया और महिला से छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। महिला ने अपने पति व सास को इस बारे में बताया तो उन्होंने युवक से विरोध जताया।
आरोप है कि उनसे भी अभद्रता की गई। इसके बाद कोतवाली में शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने जल्द कार्रवाई करने की बात कहकर उनको टरका दिया। इसके बाद से उनको थाने के चक्कर कटाए जा रहे हैं। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोप है कि वह सोमवार को कोतवाली पहुंचे तो प्रभारी ने कहा कि पहले आरोपी को पकड़कर लाओ। इसके बाद उनका मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोप है कि उनसे कोतवाली में अभद्रता की गई और वहां से भगा दिया। इस मामले में एसपी से शिकायत करेंगे।
वर्जन
यह मामला संज्ञान में आया था। यदि उसमें अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है तो यह गलत है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और पुलिस के व्यवहार की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।-देवेंद्र शर्मा, सीओ बागपत