बागपत। ईंट-भट्ठों की चिमनी से पांच महीने बाद धुआं निकलना शुरू हो गया। जिससे ईंटों की कमी दूर होगी। क्योंकि यहां अधिकतर भट्ठों पर ईंट खत्म होने वाली थी और इससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत अन्य जगहों पर परेशानी बढ़ सकती थी।
बागपत में करीब 450 ईंट भट्ठे हैं। इन भट्ठों को एनसीआर में होने के कारण एनजीटी के आदेश के अनुसार अक्तूबर में बंद करा दिया गया था। जहां पिछले सीजन में बार-बार बारिश के कारण ईंट का स्टॉक ज्यादा नहीं हो सका। उससे अब परेशानी होती दिख रही थी, क्योंकि भट्ठों पर ईंट खत्म होने के कगार पर पहुंच गईं थीं। जबकि काफी भट्ठों पर ईंट खत्म हो गईं थीं। भवन निर्माण कार्य प्रभावित होने लगे और ईंटों के दाम में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई थी।
अब शुक्रवार से भट्ठों की शुरूआत हो गई और अगले पंद्रह दिन में ईंट का काफी स्टॉक हो जाएगा। जिससे भवन निर्माण करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
- भट्ठों को शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है। जिससे ईंटों की समस्या दूर हो जाएगी और भवन निर्माण में किसी तरह की समस्या नहीं होगी। - नीरज नैन, महामंत्री ईंट निर्माता समिति
- जिले के सभी भट्ठे शुरू हो गए हैं और अब ईंटों की कमी नहीं रहेगी। ईंटों की दिल्ली व अन्य जगह सप्लाई भी बाधित हो रही थी। वह भी अब पूरी तरह से शुरू हो जाएगी। - विनोद गोयल, कोषाध्यक्ष