बागपत। जिले में छह सामुदायिक मॉडल बायोगैस प्लांट लगाए जाएंगे। सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के अंतर्गत जिले को 50 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराया जाएगा। सामुदायिक मॉडल बायोगैस प्लांट लगने से मुफ्त ईंधन और किसानों को खेती के लिए अच्छी खाद मिलेगी। स्वच्छ भारत मिशन की निदेशक किंजल सिंह ने डीएम को भेज पत्र में बताया कि जैव-अपव्यय अपशिष्ट प्रबंधन के लिए गोबर धन योजना से कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए शासन ने डीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए है। जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 में गांवों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट से मुक्ति मिलेगी और बायोगैस प्लांट लगने से लोगों को ईंधन व किसानों को अच्छी खाद मिलेगी, जिससे किसानों की फसलों की पैदावार बढ़ेगी।