बड़ौत। रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश सरकार द्वारा बहनों को रोडवेज बसों में फ्री सफर करने के जारी किए गए आदेश के बाद परिवहन निगम ने भी कार्ययोजना तैयार कर ली है। सभी बस चालकों, परिचालकों को भी इन आदेशों से अवगत करा छुट्टियां रद्द कर दी हैं। साथ ही निगरानी को पांच टीमें गठित की गईं हैं।
बड़ौत रोडवेज डिपो के संचालन प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि डिपो में 45 बसें अनुबंधित हैं और 113 बसें निगम की हैं। रक्षाबंधन का पर्व 19 अगस्त को मनाया जा रहा है। 18 अगस्त की मध्य रात्रि से 19 अगस्त की मध्यरात्रि तक इन सभी संचालित होने वाली रोडवेज बसों में सफर करने वाली बहनों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। भाइयों के यहां जाने वाली बहनों को यात्रा करने का टिकट तो दिया जाएगा, लेकिन शून्य धनराशि इस पर प्रिंट होगा। ईटीएम मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी न होने की दशा में परिचालक ब्लैंक बुक से शून्य मूल्य का टिकट जारी करेगा।