बिनौली। पट्टी ढोलान के शिव मंदिर बिनौली में सोमवार को आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मंगल कलश यात्रा निकालकर किया गया।
इस अवसर कथा प्रवक्ता आचार्य राधारमन ने कहा कि भागवत कथा मनुष्य को भक्ति ज्ञान, वैराग्य से जोड़ती है। कलश यात्रा का शुभारंभ मंदिर प्रांगण से कथा प्रवक्ता आचार्य राधारमन ने मंत्रोच्चार के साथ ध्वज व कलश पूजन करके किया। बैंडबाजों के साथ शुरू हुई कलश यात्रा में प्रधान उपेंद्र धामा ने श्रीमद्भागवत ग्रंथ को अपने शीश पर उठाया और गांव की महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर शीश पर मंगल कलश उठाए नंगे पांव चल रही थीं। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। यात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड से होकर पूरे गांव की परिक्रमा कर मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके उपरांत विधिविधान से श्रीमद्भागवत ग्रंथ को गद्दी पर स्थापित किया गया। कथा में प्रवक्ता ने कहा कि भागवत भक्ति ज्ञान, वैराग्य के सानिध्य से मनुष्य सांसारिक होते हुए परमतत्व जुड़ता है। कथा में गगन धामा, महेश धामा, नकुल शर्मा, कुलवीर धामा, अशोक धामा, लीलू चौहान, सुरेश शर्मा, विनीत धामा, बिट्टू शर्मा सहित समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहा।