अमीनगर सराय (बागपत)। खिंदौड़ा गांव के दोहरे हत्याकांड में समझौते का दबाव बनाने के लिए जुलाई 2022 में किसान को गोली मारी गई थी। जिसके लिए जेल में साजिश रची गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि खिंदौड़ा गांव के चौकीदार शमशेर ने 21 जुलाई को दीपक पुत्र रोहताश को खेत में जाते हुए गोली मारने की जानकारी देते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से गोली मारने वालों का पता लगाने में जुटी थी।
एसपी के अनुसार वर्ष 2020 में दीपक पक्ष व गांव के ऋषिपाल पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें ऋषिपाल पक्ष के दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। जिसमें दीपक पक्ष के 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इस मामले में दीपक पक्ष लगातार समझौता करने का दबाव बना रहा था। जिसमें दीपक के रिश्तेदार सोनू उर्फ सोहनवीर ने गाजियाबाद जेल से छूटकर बाहर आए निखिल उर्फ शिवा निवासी निबाली से संपर्क किया और इसकी साजिश रचकर दीपक को दो गोली मारकर घायल कर दिया।
इसके अलावा घटना को लेकर किसी को शक नहीं हो, इसलिए ही कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। इस तरह ऋषिपाल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर दोहरे हत्याकांड में समझौते का दबाव बनाना था। इस मामले में आरोपी सोनू उर्फ सोहनबीर व निखिल उर्फ शिवा के नाम सामने आने पर इनको गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। उधर गोली मारने की घटना में शामिल अगरौला ट्रोनिका सिटी निवासी सुमित अभी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
----
दस हजार रुपये के ईनाम की घोषणा की
एसपी नीरज कुमार जादौन ने दोहरे हत्याकांड में समझौते का दबाव बनाने के लिए कराए गए जानलेवा हमले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये का ईनाम दिया जाएगा।
-----
जेल में बंद आरोपी ने रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार दोहरे हत्याकांड में जेल में बंद अमरदीप ने समझौते के लिए परिवार के ही सदस्य पर जानलेवा हमला कराने की साजिश रची थी। जिसमें अपने परिवार के सदस्यों से अगरौला ट्रोनिका सिटी निवासी रिश्तेदार सुमित व निबाली निवासी निखिल उर्फ शिवा से संपर्क किया जो बाद में जेल में मुलाकात पर भी पहुंचे थे।