छपरौली थाने में पुलिस हिरासत में आरोपी कृष्ण्पाल शबगा
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली (बागपत)। कस्बे में दुकान में घुसकर कपड़ा व्यापारी संग लूट की घटना को शबगा गांव के तीन बदमाशों ने अंजाम दिया था। उनके लिए शबगा गांव के एक व्यक्ति ने मुखबिरी की थी, जो अब बड़ौत में रहता है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के घर दबिश डाली, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया।
छपरौली के मुख्य बाजार में ठाकुरद्वारा मंदिर के सामने प्रकाश चंद जैन की कपड़े की दुकान में बुधवार रात करीब सवा नौ बजे तीन नकाबपोश बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए गल्ले से 25 हजार रुपये निकाल लिए थे।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि शबगा गांव का रहने वाला एक व्यक्ति छपरौली में दुकान पर काम करता है, जो फिलहाल परिवार के साथ बड़ौत में रहता है। उसने अपने गांव के बदमाश सावन को बताया कि प्रकाश चंद जैन की दुकान सबसे देर तक खुली रहती है और वहां से काफी माल मिल सकता है। जिसके बाद सावन ने अपने गांव के दो साथियों को लेकर लूट की घटना को अंजाम दिया। एसपी के अनुसार उनको यह नहीं पता था कि दुकान के अंदर भी कैमरा लगा हुआ है। जिसमें उनके चेहरे कैद हो गए और उसके आधार पर उनकी पहचान हुई।
सावन के घर शुक्रवार रात को दबिश डाली गई तो वह नहीं मिला। तलाशी लेने पर तमंचा, कारतूस बरामद हुए और सावन के पिता कृष्णपाल को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि दुकान में लगे कैमरे की वीडियो फुटेज वायरल हो गई। जिसके बारे में सावन व उसके साथियों को पता चल गया था। इसलिए ही वह फरार हो गए, जिनको तलाश किया जा रहा है।