बागपत/बड़ौत। बागपत और मलकपुर गन्ना समिति में बुधवार को मतदान के बाद सात डायरेक्टर चुने गए। बागपत में एक डेलीगेट को प्रमाण पत्र के बिना वोट डालने से रोकने को लेकर हंगामा हुआ जो शाम तक चलता रहा। गन्ना समिति के चेयरमैन के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन होगा। वहीं बागपत व रमाला मिल समिति के डायरेक्टरों के लिए भी बृहस्पतिवार को मतदान कराया जाएगा।
बागपत और मलकपुर गन्ना समिति में डायरेक्टर के सात पदों पर बुधवार की सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। जहां दोपहर तक मतदान कराया गया और उसके बाद मतगणना हुई। इसमें बागपत गन्ना समिति में डायरेक्टर के पांच पदों पर खट्टा प्रहलादपुर गांव के अमित कुमार, ढिकौली से प्रशांत निवासी चमरावल, खेकड़ा से ब्रह्मदत्त, काठा से वेदो देवी, सिंघावली अहीर से कमलेश को विजेता घोषित किया गया। मलकपुर गन्ना समिति में छपरौली से राकेश और धनौरा सिल्वर नगर से प्रवीण राणा को विजेता घोषित किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद विजेताओं को प्रमाण पत्र भी सौंपे गए।
-प्रमाण पत्र बिना वोट डालने से रोकने पर हंगामा, भाजपा नेता की मां हारी
बागपत गन्ना समिति में डायरेक्टर पद के चुनाव के दौरान बिना प्रमाण पत्र वोट डलवाने को लेकर हंगामा हो गया। जहां भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष योगेश गुर्जर ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि उनकी मां हरपाली देवी के पक्ष में वोट डालने जा रहे डेलीगेट महीपाल को साजिश के तहत रोक दिया गया। जहां पुलिस के साथ भी नोकझोंक हुई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद वह डीएम आवास पर भी गए, मगर वहां भी राहत मिली। क्योंकि प्रमाण पत्र के बिना वोट नहीं डालने का नियम है। इसके बाद घोषित किए गए परिणाम में भाजपा नेता योगेश गुर्जर की मां हरपाली देवी चुनाव हार गई।
बागपत और रमाला चीनी मिल समिति में मतदान आज
बागपत और रमाला चीनी मिल समिति में डायरेक्टर पदों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। इसमें बागपत में छह प्रत्याशी तो रमाला में आठ प्रत्याशी मैदान में है। रमाला में चुनाव में ज्यादा खींचतान होती दिख रही है। अब देखना होगा कि किस-किस को जीत मिलती है।